Jharkhand Chana Dal Scheme: झारखंड के लाखों राशन कार्डधारी परिवारों के लिए चना दाल को लेकर बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में जन वितरण प्रणाली (PDS) के माध्यम से चना दाल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के निदेशालय ने ऑनलाइन निविदा जारी कर आपूर्तिकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के तहत अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक चना दाल की आपूर्ति की जाएगी। इसका लाभ राज्य के करीब 66.92 लाख राशन कार्डधारी परिवारों को मिलने का लक्ष्य है।
हर महीने एक किलो चना दाल देने का प्रावधान
सरकारी व्यवस्था के अनुसार, पात्र राशन कार्डधारी परिवारों को हर महीने एक किलो चना दाल उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसमें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के लाभुक शामिल हैं।
योजना के दायरे में प्राथमिकता प्राप्त परिवार (PHH), अंत्योदय अन्न योजना (AAY) और हरा राशन कार्डधारी परिवार आते हैं। इन परिवारों को जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों के माध्यम से निर्धारित रियायती दर पर चना दाल उपलब्ध कराई जाती है।
66.92 लाख परिवारों को मिलेगा योजना का लाभ
उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 5,87,567 परिवार पंजीकृत हैं। इन परिवारों में कुल 18,54,015 सदस्य शामिल हैं।
वहीं, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राज्य में 61,05,156 परिवारों को राशन का लाभ मिलता है। इनमें 51,88,089 प्राथमिकता प्राप्त परिवार (PHH) और 9,17,067 अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के परिवार शामिल हैं।
दोनों योजनाओं को मिलाकर राज्य के करीब 66.92 लाख राशन कार्डधारी परिवारों को चना दाल वितरण की व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी है।
चना दाल आपूर्ति के लिए 12.82 करोड़ रुपये की ईएमडी
चना दाल की खरीद और आपूर्ति के लिए जारी निविदा में शामिल होने वाले इच्छुक आपूर्तिकर्ताओं को 12,82,75,200 रुपये की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) जमा करनी होगी। यह राशि झारखंड ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा की जाएगी।
निदेशालय की ओर से आपूर्तिकर्ताओं के चयन के लिए ई-टेंडर के बाद ई-रिवर्स ऑक्शन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। निविदा में आवेदन और आवश्यक दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख 23 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, 25 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे तकनीकी बोलियां खोली जाएंगी।
इसके बाद चयनित आपूर्तिकर्ताओं के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दर अनुबंध किया जाएगा। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद राज्य में चना दाल की आपूर्ति की व्यवस्था आगे बढ़ेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








