Ranchi: दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय दिलाने और उनकी मौत के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। मोर्चा ने 18 नवंबर को संपूर्ण दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद कराने का आह्वान किया है। इससे पहले प्रमंडल के विभिन्न जिलों में मशाल जुलूस और कैंडल मार्च निकाले जायेंगे।
सीबीआई जांच की अनुशंसा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तक आंदोलन जारी रहेगा
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने आंदोलन की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि निशा भगत का मामला आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा है। जब तक मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 10 नवंबर को रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। 11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं कैंडल मार्च करेंगी। इसके बाद 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद रहेगा।
Read More- कोडरमा में दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला युवक का शव, पत्नी से हुआ था विवाद
राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में प्रदर्शन
सन्नी टोप्पो ने बताया कि 7 नवंबर को भी राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में प्रदर्शन और पुतला दहन कर सीबीआई जांच की मांग की गयी थी।
Read More- Breaking News: आदिवासी नेत्री निशा भगत ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि निशा भगत का मामला अत्यंत गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी आवश्यक है। आदिवासी समाज की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। इस मामले में किसी भी प्रकार की लीपापोती या पक्षपात की आशंका को समाप्त करने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है। एसटी मोर्चा आदिवासी समाज के न्याय और अधिकारों की लड़ाई में पूरी मजबूती से साथ खड़ी है।
Read More- कोडरमा में छठ तालाब की जमीन पर विवाद, जेसीबी से खुदाई के दौरान भिड़े दो पक्ष
महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए-आरती कुजूर
वहीं आरती कुजूर ने कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल एक परिवार या संगठन की लड़ाई नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा सवाल है। महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने आदिवासी महिलाओं, सामाजिक संगठनों और युवाओं से इस आंदोलन में एकजुट होकर भागीदारी निभाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत मौजूद थे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







