Khunti: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की तीन दिवसीय राष्ट्रीय जनजाति गौरव पदयात्रा का शुभारंभ उनकी जन्मस्थली उलिहातू से हुआ। भगवान बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा ने पारंपरिक झंडा दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। इससे पहले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके वंशजों को सम्मानित किया।
पदयात्रा में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा से सुसज्जित भव्य रथ आकर्षण का केंद्र रहा। इसके माध्यम से उनके संघर्ष, बलिदान और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक उलगुलान की गाथा लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
28 किलोमीटर की दूरी तय कर खूंटी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंची पदयात्रा
उलिहातू से शुरू हुई पदयात्रा करीब 28 किलोमीटर की दूरी तय कर खूंटी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंची। यहां पहले दिन की यात्रा का समापन हुआ। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पदयात्रा 14 नवंबर की सुबह सात बजे आगे के लिए रवाना होगी।
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा पूरे देश के गौरव हैं। उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि धरती आबा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी और जनजातीय समाज में स्वाभिमान एवं अधिकारों के प्रति चेतना जगाई।
गीता कोड़ा, सन्नी टोप्पो समेत कई नेता हुए शामिल
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने भी पदयात्रा को जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विरासत और नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
कार्यक्रम में गीता कोड़ा, सन्नी टोप्पो, रामकुमार पाहन, गंगोत्री कुजूर समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। तीन दिवसीय इस यात्रा के जरिए बिरसा मुंडा के विचारों और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







