Lohardaga: लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के भंडरा गांव में रविवार की रात हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। पत्नी के कथित अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके साथ मौजूद युवक की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान पूजा देवी और रोहित कुमार, निवासी पटना (बिहार) के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान सोनू लहरी, निवासी भंडरा के रूप में हुई है।
लंबे समय से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, सोनू लहरी और उसकी पत्नी पूजा देवी के बीच कथित अवैध संबंध को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि रविवार रात सोनू अपने दोनों बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो रहा था।
इसी दौरान उसने पत्नी को रोहित कुमार के साथ कमरे में देखा। इसके बाद गुस्से में आकर उसने दोनों पर टांगी से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
दो मासूम बच्चों के सामने खड़ा हुआ भविष्य का संकट
इस घटना ने परिवार के दो मासूम बच्चों की जिंदगी को मुश्किल में डाल दिया है। बताया जाता है कि दोनों बच्चों की उम्र करीब सात और दस वर्ष है। मां की हत्या और पिता की गिरफ्तारी के बाद उनके पालन-पोषण और भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता, एसआइ रविकांत कुमार, एसआइ रामदेव राय और एएसआइ शाकिर अली पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और आरोपी सोनू लहरी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों शवों के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी सामने आ सकेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









