Koderma: कोडरमा जिले में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सदर थाना क्षेत्र के नगरखारा स्थित कलाली रोड में शनिवार तड़के बदमाशों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाया। एक घर में घुसकर चोर ने सो रही महिला का मुंह दबा दिया। हालांकि, महिला के बेटे के जागने से वह घबरा गया और अपना धारदार चाकू छोड़कर फरार हो गया। एक ही मोहल्ले में हुई तीन घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है।
बेटे के जागने पर चाकू छोड़कर भाग चोर
पीड़िता अनिता देवी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 3 बजे वह अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान किसी की आहट से उनकी नींद खुली तो कमरे में एक अज्ञात व्यक्ति मौजूद था। वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बदमाश ने उनका मुंह दबा दिया। अनिता ने विरोध करते हुए शोर मचाने की कोशिश की। इसी बीच उनका बेटा भी जाग गया और कमरे में पहुंच गया। बेटे की आहट मिलते ही चोर घबरा गया और चाकू छोड़कर भाग निकला।
पड़ोसी के घर से सूटकेस चोरी, खेत में मिला
दूसरी घटना में पड़ोसी बंटी राणा के घर से सूटकेस गायब मिला। परिवार ने तलाश की तो घर के पीछे खेत में सूटकेस पड़ा मिला। उसमें रखे नए कपड़े और 5 हजार रुपये गायब थे। आशंका है कि चोर ने खेत में सूटकेस खोलकर सामान निकाल लिया।
Read More- Breaking News: रांची के कोकर में युवक तनवीर की गोली मारकर हत्या, दोस्त शाहरुख गिरफ्तार
तीसरे घर की छत से कूदकर भागा बदमाश
तीसरे घर के निवासी विशाल सिंह ने बताया कि शोर सुनकर उनकी नींद खुली तो घर में एक अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिया। उन्हें देखते ही बदमाश छत की ओर भागा और पीछे की तरफ से कूदकर फरार हो गया। इस घर में चोरी नहीं हो सकी।
Read More- कोडरमा में नकली घी बनाने के ठिकाने पर छापा, डालडा और गाय के टैग वाले डिब्बे बरामद
घटना की सूचना पर कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। महिला के कमरे में मिले चाकू समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









