Koderma: कोडरमा में तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 स्थित ताराटांड़ में नकली घी बनाने के मामले में तिलैया पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में तैयार नकली घी, घी बनाने में इस्तेमाल होने वाला डालडा सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा नकली घी के डिब्बों पर गाय का टैग लगा हुआ भी मिला। आशंका जताई जा रही है कि इन टैगों के सहारे नकली घी को असली गाय के घी के रूप में बाजार में बेचने की तैयारी थी।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने रवि श्रीवास्तव, पिता चंदूलाल श्रीवास्तव के ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी दल में कोडरमा के खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, एसआई पिंकी रानी, एसआई महादेव पांडेय समेत पुलिस के जवान शामिल थे।
भारी मात्रा में नकली घी और कई सामग्री बरामद
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि उक्त स्थान पर डालडा से नकली घी तैयार किए जाने की सूचना काफी दिनों से मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी में भारी मात्रा में नकली घी और इसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई है।
बताया जाता है कि उक्त स्थान पर लंबे समय से नकली घी बनाने और उसकी बिक्री का कारोबार संचालित होने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2016 में भी इसी ठिकाने पर छापेमारी की गई थी। फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बरामद सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे जाने की भी प्रक्रिया की जा रही है।








