Koderma: छठ महापर्व के दौरान छठ घाटों पर महिलाओं की भीड़ में घुसकर सोने की चेन छिनतई की कथित तैयारी कर रहे अंतरराज्यीय महिला गिरोह को तिलैया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह की महिलाएं पहले दुकानों से कपड़े चोरी करती थीं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल, पर्स और सोने की चेन छीनने की घटनाओं को अंजाम देती थीं।
एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर छठ पर्व को देखते हुए जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रविवार दोपहर तिलैया थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह चौक के पास पुलिस की नजर महिलाओं के एक समूह पर पड़ी। सभी महिलाएं वहां चाट-फुचका खा रही थीं। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पूछताछ की। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सभी को थाने ले जाया गया।
झंडा चौक की दुकानों से चोरी का खुलासा
थाना प्रभारी विनय कुमार के अनुसार, कुछ दिन पहले झंडा चौक स्थित दुकानों से कपड़े चोरी होने की शिकायत मिली थी। पूछताछ में महिलाओं ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि गिरोह छठ घाटों पर भीड़ का फायदा उठाकर चेन छिनतई की फिराक में था।
दुर्गापूजा में भी पकड़े गए थे गिरोह के सदस्य
पुलिस के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले दुर्गापूजा के दौरान भी गिरोह की कुछ महिलाओं को गुमो में चेन छिनतई के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
तिलैया पुलिस ने सभी गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







