रांची/नई दिल्ली: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड की ग्रामीण महिलाओं के हुनर और उद्यमिता को राष्ट्रीय मंच मिल रहा है। नई दिल्ली में आयोजित इस मेले में झारखंड पवेलियन के विभिन्न स्टॉल लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इनमें जमशेदपुर के हुरलुंग की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे ‘नीव हर्बल्स’ के प्राकृतिक उत्पाद खास चर्चा में हैं।
झारखंड पवेलियन का भ्रमण करने पहुंचे माननीय न्यायमूर्ति अनिल कुमार चौधरी ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय उत्पादों की सराहना की। इस दौरान नीव हर्बल्स के उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र रहे।
महुआ और नारियल से तैयार हो रहे हैं हैंडमेड साबुन
नीव हर्बल्स की उत्पाद श्रृंखला में हैंडमेड साबुन, परफ्यूम, मॉइस्चराइजर, लिपस्टिक, रोल-ऑन ऑयल और रूम एवं कार डिफ्यूजर शामिल हैं। इन उत्पादों को तैयार करने में प्राकृतिक और पारंपरिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाता है।
कंपनी के साबुन निर्माण में महुआ, नारियल और पाम ऑयल का उपयोग होता है। वहीं, चंदन और जैस्मिन जैसे सुगंधित तेल उत्पादों को खास पहचान देते हैं।
इसके अलावा ब्रांड के जोजोबा ऑयल रोल-ऑन और कुमकुमादि आधारित मॉइस्चराइजर भी उत्पादों की सूची में शामिल हैं। वहीं, लिपस्टिक को गाय के घी और मधुमक्खी के मोम (बीजवैक्स) से तैयार किया जाता है। इसमें प्राकृतिक रंग के लिए अन्नाटो के बीजों का इस्तेमाल किया जाता है।
IITF में इस प्रोडक्ट की सबसे ज्यादा चर्चा
नीव हर्बल्स की को-फाउंडर शिखा जैन ने बताया कि IITF-2026 में उनका ‘सिल्वर हाइट्स रोल-ऑन’ आगंतुकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसकी अच्छी मांग देखने को मिल रही है।
उन्होंने बताया कि ब्रांड के सभी उत्पादों की कीमत 100 से 600 रुपये के बीच रखी गई है, ताकि आम लोग भी इन्हें आसानी से खरीद सकें।
ग्रामीण महिलाओं को मिल रही पहचान
नीव हर्बल्स की यह पहल केवल प्राकृतिक उत्पादों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए ग्रामीण महिलाओं के हुनर को व्यावसायिक पहचान भी मिल रही है। IITF जैसे राष्ट्रीय स्तर के व्यापार मेले में अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने से इन महिलाओं को नए ग्राहकों और बाजार तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
झारखंड पवेलियन में नीव हर्बल्स की मौजूदगी महिला उद्यमिता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








