Ranchi: आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर ने राज्य स्थापना दिवस समारोह की तिथि में बदलाव को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की स्थापना दिवस की मूल भावना और परंपरा से छेड़छाड़ कर शहीदों का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर केवल एक तारीख नहीं, बल्कि झारखंड के संघर्ष, त्याग और बलिदान का प्रतीक है।
कई कार्यकर्ताओं ने लाठियां खाईं, जेल की यातनाएं सहीं
प्रभाकर ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में आजसू की ऐतिहासिक भूमिका रही है। छात्र-युवाओं के आंदोलन ने अलग राज्य की मांग को निर्णायक मोड़ दिया। आर्थिक नाकेबंदी, चक्का जाम और जेल भरो अभियान के जरिए हजारों कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को मजबूती दी। कई कार्यकर्ताओं ने लाठियां खाईं, जेल की यातनाएं सहीं और अपने प्राणों की आहुति दी।
1993 में झामुमो ने कांग्रेस सरकार को समर्थन देने के लिए सौदेबाजी की
उन्होंने आरोप लगाया कि 1993 में झामुमो ने कांग्रेस सरकार को समर्थन देने के लिए सौदेबाजी की, जिसके कारण उस समय झारखंड अलग राज्य नहीं बन सका। उनके अनुसार, आजसू के संघर्ष के बाद ही 15 नवंबर 2000 को अलग राज्य का सपना साकार हुआ।
प्रभाकर ने कहा कि 15 नवंबर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी है। ऐसे में स्थापना दिवस समारोह की तिथि बदलना झारखंड की अस्मिता और शहीदों की विरासत के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि राज्य के इतिहास और जनभावनाओं से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








