Ranchi: राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन का रांची स्मार्ट सिटी मॉडल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आधुनिक शहरी सुविधाओं, स्मार्ट तकनीक और हरित विकास की परिकल्पना को दर्शाने वाले इस मॉडल में झारखंड के भविष्य के शहर की तस्वीर पेश की गई है।
इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर करीब 469.96 करोड़ रुपये खर्च
रांची स्मार्ट सिटी को 656.3 एकड़ में ग्रीनफील्ड टाउनशिप के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना के इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर करीब 469.96 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके तहत आधुनिक सड़कें, 24 घंटे बिजली और जलापूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज और भूमिगत यूटिलिटी नेटवर्क तैयार किए जा रहे हैं।
शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 146.2 करोड़ रुपये की लागत से कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर (C4) विकसित किया गया है। इसके माध्यम से सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक मॉनिटरिंग, ई-चालान और स्मार्ट सुरक्षा प्रणालियां संचालित की जा रही हैं।
कुल क्षेत्रफल का 37 प्रतिशत हिस्सा ग्रीन और ओपन स्पेस के लिए निर्धारित
परियोजना की एक खास बात इसका हरित क्षेत्र है। स्मार्ट सिटी के कुल क्षेत्रफल का 37 प्रतिशत हिस्सा ग्रीन और ओपन स्पेस के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं, 72 भूखंडों की ई-नीलामी के जरिए आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत निवेश को बढ़ावा देने की योजना है। यहां 16 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) भी विकसित किया जा रहा है।
झारखंड सरकार रांची को शिक्षा, कौशल विकास और ज्ञान आधारित उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाना चाहती है। अगले 5 से 10 वर्षों में इसे पूर्वी भारत के अग्रणी शैक्षणिक और कौशल विकास केंद्रों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन कम करने की उम्मीद है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









