रांची: राजधानी रांची के महिलौंग स्थित बिरला नॉलेज सिटी के श्री राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में बुधवार, 18 नवंबर को श्री श्री मां जगद्धात्री पूजा का भव्य आयोजन किया गया। पूजा के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां जगद्धात्री की पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। आयोजन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में हुआ आयोजन
मां जगद्धात्री पूजा समिति, महिलौंग के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के अवसर पर मां जगद्धात्री की विधि-विधानपूर्वक पूजा की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग-प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने मां जगद्धात्री की आराधना के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मां जगद्धात्री शक्ति, करुणा, धैर्य और लोककल्याण की प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को जीवंत रखने के साथ समाज में एकता, सद्भाव और सामूहिक चेतना को मजबूत करते हैं।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का माध्यम हैं धार्मिक आयोजन
डॉ. वर्मा ने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक परंपराएं समाज को एक सूत्र में बांधने और नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने मां जगद्धात्री से झारखंड सहित पूरे देश में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव बनाए रखने की कामना की।
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी हुए शामिल
पूजा समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय कांत प्रसाद, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद दीपक प्रकाश, महामंत्री मनोज सिंह, मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, सह मीडिया प्रभारी अजय राय और पार्टी प्रवक्ता आरती कुजूर समेत कई नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा मृत्युंजय शर्मा, अशोक बड़ाईक, नगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण अध्यक्ष धीरज महतो, जेलेंद्र कुमार, शशिभूषण भगत और सुबोध सिंह गुड्डू सहित जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिला और मंडल स्तर के कार्यकर्ता भी आयोजन में शामिल हुए।
धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








