Ranchi: पूर्व विधायक और वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा पर हुए हमले को लेकर आजसू पार्टी ने कड़ी नाराजगी जताई है। पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर ने जमशेदपुर में आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम के दौरान घटना की निंदा करते हुए हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा की झारखंड अलग राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे वरिष्ठ आंदोलनकारी के साथ सार्वजनिक कार्यक्रम में मारपीट और दुर्व्यवहार होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और राज्य की अस्मिता से जुड़ा मामला बताया।
आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं
उन्होंने राज्य सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झामुमो के प्रखंड और जिला अध्यक्ष बॉडीगार्ड लेकर घूमते हैं, लेकिन पूर्व विधायक और वरिष्ठ आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं दिखी। उनकी सुरक्षा में हुई चूक के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
प्रभाकर ने राज्य सरकार और पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
Read More- Breaking News: झारखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, ग्रेड पे में बढो़तरी का प्रस्ताव पारित
उन्होंने सरकार से सूर्य सिंह बेसरा को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की। टीएमएच में इलाजरत बेसरा के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में आजसू परिवार और झारखंड आंदोलनकारी उनके साथ खड़े हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







