Ranchi: रिम्स की जमीन से जुड़े कथित घोटाले की जांच में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को अपनी कार्रवाई तेज कर दी। मामले में गिरफ्तार सात अधिकारियों के आवास और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर एसीबी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ छापेमारी शुरू की। सुबह से ही अधिकारी विभिन्न स्थानों पर पहुंचे और वहां मौजूद जमीन के दस्तावेज, सरकारी रिकॉर्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच की।
एसीबी की यह कार्रवाई रिम्स के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर के मामले में की जा रही है। जांच एजेंसी का मुख्य उद्देश्य इस पूरे प्रकरण में अधिकारियों की भूमिका का पता लगाने के साथ जमीन के रिकॉर्ड में किए गए कथित बदलावों से जुड़े सबूत जुटाना है।
एसीबी की टीमें रांची के बरियातू, कांके, कोकर, अरगोड़ा और मोरहाबादी स्थित वृंदावन अपार्टमेंट में छापेमारी कर रही हैं। बताया जा रहा है कि जिन ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है, वे सभी इस मामले में गिरफ्तार अधिकारियों के आवास हैं।
छापेमारी के दौरान एसीबी की टीम जमीन से संबंधित कागजात, दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड को खंगाल रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रिम्स की जमीन के स्वामित्व और सरकारी अभिलेखों में बदलाव किस तरह किए गए और इस पूरे मामले में किन अधिकारियों की क्या भूमिका रही।









