Ranchi: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राज्यभर में विकास, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। गुरुवार, 20 नवंबर को रांची समेत राज्य के 11 जिलों में आवास, महिला सशक्तीकरण, कृषि, खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता से संबंधित कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच दिया गया।
जरूरतमंद परिवारों को मिला अपना घर
पखवाड़े के दौरान आवास योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में परिवारों का गृह प्रवेश कराया गया। चतरा में 98, गोड्डा में 261 और जमशेदपुर के बहरागोड़ा व गुड़ाबांदा में 110 परिवार नए घरों में पहुंचे। लातेहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के 26, अबुआ आवास योजना के 57 और पीएम-जनमन के पांच आवासों का गृह प्रवेश कराया गया। गिरिडीह में बिरहोर समुदाय के परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया।
महिलाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
महिला सशक्तीकरण के तहत जेएसएलपीएस के माध्यम से सखी मंडलों को आर्थिक सहायता और आजीविका के संसाधन उपलब्ध कराए गए। रांची में पांच महिलाओं को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत कुल पांच लाख रुपये का ऋण दिया गया। वहीं, जमशेदपुर में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत बहरागोड़ा की आठ और गुड़ाबांदा की 37 लाभुकों को आर्थिक सहायता मिली।
किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, बेहतर बीज, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड और आधुनिक सिंचाई तकनीकों की जानकारी दी गई। रांची, खूंटी, दुमका और लातेहार में कृषि से जुड़े कार्यक्रम आयोजित हुए।
खेल और लोकसंस्कृति को मिला मंच
विभिन्न जिलों में फुटबॉल, हॉकी, तीरंदाजी, वॉलीबॉल और पारंपरिक जनजातीय खेल प्रतियोगिताएं हुईं। सिमडेगा में गीत-संगीत और नृत्य प्रतियोगिता, जबकि खूंटी में जिला स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित किया गया।
स्वच्छता अभियान के तहत स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और पंचायतों में सफाई, हाथ धुलाई तथा प्लास्टिक मुक्त पंचायत को लेकर जागरूकता फैलाई गई। राज्यभर में स्वच्छ एवं स्वस्थ आंगनबाड़ी दिवस के कार्यक्रमों में कुल 2,01,384 लोगों ने भाग लिया।
इसके अलावा दिव्यांग शिविर, रक्तदान, कुपोषण उन्मूलन प्रशिक्षण, नशामुक्ति अभियान और पशुपालन से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। स्थापना दिवस पखवाड़े के जरिए सरकार का जोर ग्रामीण विकास, सामाजिक भागीदारी और स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने पर है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







