Hazaribagh: हजारीबाग शहर के मंडई मोहल्ले में पत्नी की हत्या के मामले में लोहसिंघना थाना पुलिस ने आरोपी पति सुरेंद्र भुइंया को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। आरोपी पर 20 नवंबर की रात अपनी पत्नी उषा देवी की चाकू से गला रेतकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सुबह मोहल्ले में मचाया शोर, फिर हुआ फरार
पुलिस के अनुसार, पत्नी की हत्या के बाद आरोपी रातभर घर में शव के पास ही रहा। सुबह होने पर उसने मोहल्ले के लोगों को पत्नी की मौत की जानकारी दी और इसके बाद वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। महिला का शव देखकर उन्होंने तत्काल लोहसिंघना थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। परिजनों के नहीं पहुंचने के कारण शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है।
खाना नहीं बनाने को लेकर हुआ था विवाद
लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेटा के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि घर में खाना नहीं बनाने को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से बाहर गया और शराब पीकर लौटा।
पुलिस के अनुसार, उस समय उषा देवी सो रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान सुरेंद्र ने चाकू से उनका गला रेत दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की और उसे पकड़ लिया। रविवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







