रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राज्यभर में विकास, जनकल्याण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार, 23 नवंबर को रांची सहित विभिन्न जिलों में आवास योजना, कृषि, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, खेल और सांस्कृतिक संरक्षण से संबंधित कई गतिविधियां आयोजित हुईं। इन कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
677 परिवारों ने नए घर में किया गृह प्रवेश
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास योजना, पीएम-जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया।
सरायकेला-खरसावां जिले में 23 नवंबर को 76 परिवारों ने अपने नए घर में प्रवेश किया। वहीं, 17 से 23 नवंबर के बीच जिले में कुल 677 आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है। इसके अलावा कोडरमा में 41 और गोड्डा में 29 परिवारों को नए आवास की सौगात मिली। अन्य जिलों में भी आवास योजना के लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया।
किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी, 1,023 बकरियों का टीकाकरण
किसानों और पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए रांची, कोडरमा, जमशेदपुर, पाकुड़ सहित कई जिलों में कृषि मेला, रबी कार्यशाला, बीज वितरण और पशुपालन शिविर आयोजित किए गए। किसानों को उन्नत बीज, मिट्टी की सेहत, जैविक खेती, संतुलित उर्वरक के इस्तेमाल और फसल बीमा की जानकारी दी गई।
रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों में 1,023 बकरियों का टीकाकरण किया गया। वहीं, गोड्डा के सुंदर डैम में 2.50 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन किया गया। इसके साथ ही मत्स्यजीवियों और लाभुकों के बीच 70.22 लाख रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।
महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 1.21 करोड़ रुपये की सहायता
महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई। इसके अलावा विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर, किचन गार्डन किट वितरण और महिला समूहों के सम्मान समारोह आयोजित किए गए।
पारंपरिक खेल प्रतियोगिता में 600 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
खेल और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। इसमें पांच जिलों के करीब 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में तीरंदाजी, गुलेल, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न पारंपरिक खेलों का आयोजन हुआ। वहीं, बोकारो के ललपनिया, कोडरमा और लातेहार में गीत-संगीत प्रतियोगिताओं के जरिए लोककला और जनजातीय परंपराओं को मंच दिया गया।
स्वास्थ्य जांच से लेकर नशामुक्ति अभियान तक हुए आयोजन
स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में मिर्गी जांच शिविर में 30 नए मरीजों को परामर्श और दवाएं दी गईं, जबकि 61 पुराने मरीजों की जांच की गई।
सरायकेला-खरसावां में 65 विद्यार्थियों की मौखिक स्वास्थ्य जांच की गई। लोहरदगा में 53 बच्चों को बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जागरूक किया गया।
इसके अलावा चतरा, दुमका, पाकुड़ और गोड्डा सहित कई जिलों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, नशामुक्ति जागरूकता, सड़क सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राज्यभर में हो रहे इन आयोजनों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना, आजीविका के अवसर बढ़ाना और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







