रांची : झारखंड में 2050 तक राज्य को देश का नंबर वन बनाने के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विजन को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि पूरे देश को राजनीतिक प्रयोगशाला बनाने वाली पार्टी को झारखंड सरकार से सवाल पूछने का नैतिक अधिकार नहीं है।
23 नवंबर को जारी बयान में सोनाल शांति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के लक्ष्य पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में छात्रों, किसानों और युवाओं के लिए कोई ठोस नीति जमीन पर दिखाई नहीं दी है। उनके मुताबिक, भाजपा विकास के मुद्दों से ध्यान हटाकर धार्मिक और जातीय संघर्षों के जरिए अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने में लगी है।
प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रवक्ता ने रोजगार, उद्योग, चीन सीमा और रक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगपतियों को रियायतें देने के बावजूद युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार के अवसर पैदा नहीं हो सके हैं।
उन्होंने चीन के साथ सीमा विवाद और तेजस लड़ाकू विमान के इंजन की उपलब्धता से जुड़ी चुनौतियों का भी उल्लेख किया। सोनाल शांति ने कहा कि भाजपा नेताओं को झारखंड सरकार से सवाल पूछने के बजाय इन मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगना चाहिए।
उन्होंने केंद्र पर राज्यों के बीच संसाधनों का असमान वितरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे राज्यों के विकास में असंतुलन की स्थिति पैदा हुई है।
हेमंत सरकार के विजन को बताया स्पष्ट
सोनाल शांति ने दावा किया कि झारखंड सरकार के पास राज्य के विकास को लेकर स्पष्ट विजन और ठोस रणनीति है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। वहीं, छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक विकास के लिए सहायता और वित्तीय संबल दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ आर्थिक भेदभाव कर रही है और राज्य को मिलने वाली उसकी हक की राशि जारी करने में देरी कर रही है। इसके बावजूद हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड ने कई क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है।
भाजपा से की झारखंड की बकाया राशि दिलाने की मांग
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें वास्तव में झारखंड के विकास की चिंता है, तो उन्हें केंद्र सरकार से राज्य की बकाया राशि जल्द जारी कराने की पहल करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता झारखंड के हितों की चिंता करने के बजाय राज्य सरकार को घेरने का बहाना तलाशते रहते हैं, ताकि उनकी राजनीतिक गतिविधियां जारी रहें।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







