Ranchi: झारखंड में मंगलवार सुबह भूकंप जैसे कंपन की चर्चा से लोगों के बीच हलचल मच गई। राजधानी रांची के लोवाडीह, खेलगांव और बहू बाजार समेत कुछ इलाकों के लोगों ने सुबह करीब 7 बजे कुछ सेकेंड तक कंपन महसूस होने की बात कही।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक आसपास की चीजों और फर्नीचर में हलचल महसूस हुई। इसके बाद लोगों ने इसे भूकंप के संभावित झटकों से जोड़कर देखना शुरू कर दिया। हालांकि, इन दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नेपाल के कोशी प्रांत में 5.3 तीव्रता का भूकंप
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार, 24 नवंबर की सुबह करीब 7:02 बजे नेपाल के कोशी प्रांत में 5.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किए जाने की खबर सामने आई। इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है।
नेपाल में भूकंप की खबर और उसी समय रांची के कुछ इलाकों में कंपन महसूस होने के दावों के बाद दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध को लेकर चर्चा हो रही है। हालांकि, नेपाल में आए भूकंप का असर रांची या झारखंड में महसूस हुआ या नहीं, इसकी पुष्टि करने वाली आधिकारिक जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
NCS के रिकॉर्ड में रांची में भूकंप की पुष्टि नहीं
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के 24 नवंबर के उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, रांची या झारखंड में अलग से भूकंप आने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में केवल स्थानीय लोगों के अनुभवों के आधार पर झारखंड में भूकंप आने का दावा करना सही नहीं होगा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रांची के कुछ इलाकों में लोगों ने जिस कंपन को महसूस करने की बात कही, उसका संबंध नेपाल में आए भूकंप से था या नहीं। इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नोट: रांची और झारखंड में भूकंप के झटके महसूस होने की बात फिलहाल स्थानीय लोगों के दावों पर आधारित है। इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।







