रांची: कहते हैं कि अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी मुश्किल मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकती। झारखंड के गोड्डा जिले के दिव्यांग छात्र मोहम्मद फैजानुल्लाह ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से इस बात को सच कर दिखाया है। सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित फैजानुल्लाह ने हाथों के बजाय मुंह से पेन पकड़कर झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा 2026 दी और 93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा में उनसे मुलाकात की और उनके जज्बे की सराहना की।
मुंह से लिखकर हासिल की बड़ी सफलता
गोड्डा के रहने वाले मोहम्मद फैजानुल्लाह सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित हैं। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी। वह दांतों से पेन पकड़कर यानी मुंह से लिखकर अपनी पढ़ाई करते हैं और परीक्षाएं भी देते हैं। इसी मेहनत और लगन का परिणाम रहा कि उन्होंने वर्ष 2026 की जैक मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
फैजानुल्लाह का नामांकन गोड्डा के यूएचएस शिवाजीनगर में रहा है। उनकी शिक्षा झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत होम बेस्ड एजुकेशन (Home-Based Education-HBE) के माध्यम से संचालित हुई।
मुख्यमंत्री ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात के दौरान फैजानुल्लाह ने अपनी पढ़ाई और परीक्षा से जुड़े अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने उनकी शिक्षा के प्रति लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना की। उन्होंने छात्र को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फैजानुल्लाह की उपलब्धि केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। यह समावेशी शिक्षा व्यवस्था, दृढ़ इच्छाशक्ति और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का शानदार उदाहरण है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से फैजानुल्लाह को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।
इस मुलाकात के दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। फैजानुल्लाह की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि उचित अवसर, शिक्षा का सहयोग और मजबूत इच्छाशक्ति शारीरिक चुनौतियों के बावजूद सफलता की राह बना सकते हैं।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







