रांची: संविधान दिवस के अवसर पर झारखंड प्रदेश भाजपा की ओर से गुरुवार को डिबडीह स्थित कार्निवल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश स्तरीय संविधान गौरव दिवस संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पर संविधान का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया, वही आज संविधान बचाने की बात कर रही है। भाजपा का संकल्प संविधान की रक्षा करना और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।
संगोष्ठी में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान, उनके विचारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा पर चर्चा हुई। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
कांग्रेस पर आदित्य साहू का निशाना, आपातकाल का किया जिक्र
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसमें प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अपनी सरकार चुनने का अवसर मिला है। संविधान की मूल भावना और आदर्शों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने बाबा साहेब को उनके जीवनकाल में उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने 1952 के चुनाव और बाबा साहेब के अंतिम संस्कार एवं समाधि स्थल से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के राजनीतिक रवैये पर सवाल उठाए।
आदित्य साहू ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को रद्द किया, तब देश में आपातकाल लागू कर दिया गया। इस दौरान समाचार पत्रों पर प्रतिबंध लगाए गए और पत्रकारों को जेल भेजा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर कई बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। उन्होंने कहा कि आज संविधान की किताब लेकर चलने वाले लोग इसे राजनीतिक दिखावे का माध्यम बना रहे हैं।
SIR पर कांग्रेस और झामुमो को घेरा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस और झामुमो पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में पहले भी कई बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है। कांग्रेस के शासनकाल में भी यह प्रक्रिया संपन्न हुई थी, लेकिन आज निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया का विरोध किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और झामुमो घुसपैठियों को संरक्षण देने वाली राजनीति कर रहे हैं। आदित्य साहू ने कहा कि देश के वैध नागरिकों का नाम मतदाता सूची से नहीं काटा जा सकता और मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया का समर्थन होना चाहिए।
हेमंत सरकार पर अवैध खनन और भ्रष्टाचार के आरोप
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए आदित्य साहू ने विधानसभा के विशेष सत्र और MMDR कानून को लेकर राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अवैध कोयला और लौह अयस्क खनन को संरक्षण दिया जा रहा है। अवैध खनन से प्राप्त धन बिचौलियों और सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने झारखंड में कोयले की कीमत और खनन व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार को राजनीतिक मुद्दों के बजाय विकास, रोजगार और कानून व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य में कानून व्यवस्था दुरुस्त करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
मोदी सरकार ने बाबा साहेब को दिया सम्मान : निवेदिता सिंह
बिहार विधानसभा की सदस्य एवं झारखंड भाजपा की सह-प्रभारी निवेदिता सिंह ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और सम्मान के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय पहचान दी गई। मोदी सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस की संविधान पदयात्रा पर भी सवाल उठाए और हेमंत सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
संविधान की आत्मा लोकतंत्र, कांग्रेस ने बार-बार किया अपमान : संजय सेठ
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आत्मा है और भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने अपने शासनकाल में अनुच्छेद 356 का बार-बार दुरुपयोग किया। 42वें संविधान संशोधन और आपातकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लोकतांत्रिक संस्थाओं और न्यायपालिका की स्वतंत्रता को प्रभावित करने का प्रयास किया।
उन्होंने सवाल उठाया कि बाबा साहेब जैसे महान संविधान निर्माता को उनके जीवनकाल में उचित सम्मान क्यों नहीं दिया गया और उन्हें भारत रत्न देने में इतना समय क्यों लगा।
झारखंड के संविधान सभा सदस्यों को भी किया याद
भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य दीपक प्रकाश ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से देश के नागरिकों को अधिकारों और कर्तव्यों का मजबूत आधार दिया। उन्होंने संविधान निर्माण में झारखंड से जुड़े मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा, बाबू रामनारायण सिंह और देवेंद्र नाथ सामंत सहित संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को भी याद किया।
वहीं, संविधान के जानकार एवं अधिवक्ता राजेंद्र कृष्णा ने उपस्थित लोगों को संविधान के पूर्ण पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संवैधानिक नैतिकता का अर्थ केवल कानूनों का पालन करना नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना भी है। उन्होंने संविधान में दिए गए अधिकारों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







