रांची: झारखंड सरकार के स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और सरकार के दूसरे कार्यकाल की वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में रांची के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने हाथों से विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में 10वीं और 12वीं कक्षा के टॉपर शामिल रहे।
कार्यक्रम में रांची के प्रेमचंद हाई स्कूल, मेसरा के प्रेम कुमार साहू और सेंट एलोइस हाई स्कूल के सन्नी कुमार वर्मा को 10वीं कक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, 12वीं कक्षा में योगदा सत्संग इंटरमीडिएट कॉलेज, रांची की श्वेता प्रसाद को भी पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अलावा रांची के सौरभ कुमार (टिंडर हार्ट स्कूल), शानमी (जवाहर विद्या मंदिर) और अवनी केजरीवाल (दिल्ली पब्लिक स्कूल, रांची) को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावक भी मौजूद रहे। कुछ विद्यार्थियों की ओर से उनके अभिभावकों ने मंच पर पहुंचकर पुरस्कार ग्रहण किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी आने वाले समय के नेतृत्वकर्ता, वैज्ञानिक, शिक्षक, प्रशासक और राष्ट्र निर्माता बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।







