Palamu: पलामू जिले में एक अज्ञात शव की पहचान को लेकर हुई बड़ी चूक का खुलासा DNA जांच रिपोर्ट से हुआ है। जिस शव को पुलिस जवान विजय उरांव का समझकर उनके परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था, वह वास्तव में उनका नहीं था। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट में शव की पहचान सुदामा भूइयां के रूप में हुई है। इस खुलासे के बाद विजय उरांव के लापता होने का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
पुलिस का शव समझकर परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया
जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त 2025 को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। विजय उरांव के परिजनों ने उसकी पहचान उनके रूप में की थी। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया था। परिवार ने अंतिम संस्कार भी कर दिया।
हालांकि, कुछ समय बाद सतबरवा थाना क्षेत्र के कमरू गांव की मंजू देवी ने थाने पहुंचकर दावा किया कि शव उनके लापता पति सुदामा भूइयां का है। इसके बाद मामले में दो परिवारों के दावे सामने आए।
FSL जांच ने सुलझाई पहचान की गुत्थी
विवाद के बाद पलामू पुलिस ने सितंबर 2025 में पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित रखे गए बिसरा और दोनों परिवारों के DNA सैंपल जांच के लिए FSL भेजे थे। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बरामद शव सुदामा भूइयां का था, विजय उरांव का नहीं।
पुलिस जवान विजय उरांव अब भी लापता
विजय उरांव मुसाबनी में पदस्थापित थे। अगस्त 2025 में उनकी ड्यूटी देवघर श्रावणी मेला में लगी थी। इसी दौरान 8 अगस्त को वह रेलवे स्टेशन से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। दूसरी ओर, सुदामा भूइयां 19 अगस्त से लापता थे।
DNA रिपोर्ट आने के बाद विजय के परिजनों की चिंता बढ़ गई है। शव की गलत पहचान के कारण परिवार को अब तक सरकारी मुआवजा और राहत राशि भी नहीं मिल पाई है। परिजनों ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मिलकर विजय की तलाश तेज करने की मांग करने की बात कही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पुलिस जवान विजय उरांव कहां हैं और उनके लापता होने के पीछे क्या वजह है?

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








