Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा देशभर में 1 से 25 दिसंबर तक सेवा दूत अभियान चलाएगी। इस अभियान की तैयारियों को लेकर रांची के धुर्वा स्थित मयूरवन बैंक्वेट हॉल, रेनबो वाटर पार्क, सैम्बो बालालोंग में झारखंड भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं पश्चिम बंगाल के सांसद मनोज तिग्गा और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय मौजूद रहे।
कार्यशाला में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे सेवा दूतों को अभियान के उद्देश्य और उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। भाजपा के मुताबिक, झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों समेत देश के 4123 विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता 25 दिनों तक अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास कर लोगों से संवाद करेंगे और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे।
बूथ स्तर तक सेवा और संगठन विस्तार पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि सेवा दूतों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में सेवा भाव और परिवार जैसी आत्मीयता के साथ काम करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कर्म, कर्तव्य और संगठन के प्रति समर्पण की भावना के साथ अभियान में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए हुए कार्यों और योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जानी चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की टोली तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान लोगों की समस्याओं को सूचीबद्ध किया जाए। साथ ही राज्य सरकार के प्रति जनता की नाराजगी, केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ और उनके क्रियान्वयन में आ रही परेशानियों को भी समझा जाए। मरांडी ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया।
जनसुनवाई से लेकर नशामुक्ति शिविर तक होंगे कार्यक्रम
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और अभियान की राष्ट्रीय टोली के सदस्य मनोज तिग्गा ने 28 पन्नों की प्रस्तुति के जरिए अभियान की विस्तृत रूपरेखा रखी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जनसुनवाई, नशामुक्त भारत शिविर, लाभार्थी संवाद, सामुदायिक संपर्क, सेवा शिविर और विकसित भारत से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने अभियान की गतिविधियों का रिकॉर्ड रखने के लिए सरल ऐप के इस्तेमाल की जानकारी भी दी।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने कहा कि प्रवास संगठन को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यकर्ताओं को गांवों में जाकर लोगों के जीवन, उनकी समस्याओं और परिस्थितियों को समझना होगा। पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से संगठन से जोड़ने और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
25 दिसंबर को अटल जयंती पर होगा विशेष आयोजन
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समन्वयक नियुक्त किया जाएगा। मंडल अध्यक्ष भी समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे। अभियान में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पार्टी के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष प्रकल्प चलाया जाएगा। इसके अलावा बूथ और शक्ति केंद्रों की सक्रियता तथा संगठनात्मक व्यवस्था का आकलन भी किया जाएगा। अभियान के अंतिम दिन 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यशाला के दौरान रामगढ़ सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले 13 लोगों और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की दिवंगत मां को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का संचालन गणेश मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अमर कुमार बाउरी ने किया। कार्यशाला में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रतुल शाहदेव समेत प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी तथा विधानसभा समन्वयक मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








