Koderma: कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र में रविवार शाम सड़क हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मरकच्चो-बिरयारडीह मुख्य मार्ग पर बिचरिया के समीप एक अनियंत्रित बाइक ने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक भी घायल हो गए।
साप्ताहिक हाट जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बरोटांड निवासी अभिषेक कुमार, बिंदवा देवी और पाण्डुवाई निवासी चमेली देवी रविवार शाम बिचरिया के साप्ताहिक हाट जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही स्प्लेंडर बाइक अनियंत्रित होकर तीनों से टकरा गई।
टक्कर के बाद पैदल जा रहे तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं, बाइक पर सवार बच्छेडीह निवासी मनीष सिंह और गुड्डू साव भी गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो में भर्ती कराया गया
सूचना मिलने पर मरकच्चो पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अभिषेक, बिंदवा देवी और मनीष सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य दो घायलों का इलाज मरकच्चो स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







