Saraikela: सरायकेला जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में सात युवक घायल हो गए। जगद्धात्री मेला देखकर घर लौट रहे युवकों की अर्टिगा कार राजनगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी युवक अंदर फंस गए।
कटर मशीन की मदद से कार को काटकर घायलों को निकाला
घायलों की पहचान सुमित कामिला, विवेक राणा, अभिषेक प्रमाणिक, चंदन सिंह देव, रंजन सिंह देव, रौनक दास और शिवा नायक के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।
कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण युवकों को बाहर निकालना आसान नहीं था। इसके लिए कटर मशीन की मदद से कार को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकालकर राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
छह युवकों की हालत गंभीर, जमशेदपुर रेफर
अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए छह युवकों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया, जबकि एक युवक का इलाज राजनगर में जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों से बेहतर इलाज का आग्रह किया। उन्होंने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से होने वाले खतरे पर चिंता जताते हुए प्रशासन से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
वहीं, विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने समय पर सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताई। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







