Dhanbad: आठ लेन मार्ग पर स्थित शक्ति चौक के पास सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शक्ति चौक पर सीसीटीवी कैमरा लगाने, सड़क पर स्पीड ब्रेकर निर्माण और पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब आठ दिन पूर्व इस स्थान पर अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लेकिन इलाके में सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण अब तक अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। इससे लोगों में असुरक्षा की भावना है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी बताया कि पहले यहां पेयजल की व्यवस्था थी, लेकिन पिछले दो वर्षों से वह बंद पड़ी है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इसके अलावा, आठ लेन मार्ग पर स्पीड ब्रेकर न होने के कारण वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
प्रदर्शन में नरेश महतो, बबलू महतो, देवनारायण महतो, सपन पंडित, विनोद महतो, बड़कू महतो, शिव शंकर महतो, सत्यनारायण सिंह, गणेश रवानी, जितेन्द्र महतो और मंगल कुमार समेत कई ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इन समस्याओं के समाधान की मांग की है।









