Jharkhand: झारखंड में विदेशी निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हाल ही में स्पेन और स्वीडन की यात्रा पर गए सरकारी प्रतिनिधिमंडल ने अपने दौरे से लौटने के बाद रांची में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने जानकारी दी कि इस दौरे के दौरान झारखंड में संभावित निवेश के लिए सात निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से निर्माण, खेल, विनिर्माण और ऊर्जा क्षेत्रों से संबंधित प्रस्ताव शामिल हैं।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि राज्य सरकार यूरोपीय कंपनियों के लिए एक समर्पित निवेश सुविधा डेस्क स्थापित करेगी, जिससे विदेशी निवेशकों को राज्य में निवेश प्रक्रिया में सहायता मिल सके। स्पेन के टेस्ला ग्रुप ने झारखंड में बैटरी भंडारण परियोजना के लिए लगभग 150 मिलियन यूरो निवेश करने की रुचि दिखाई है। इसके अलावा, रांची में एक मेगा सम्मेलन और व्यापार प्रदर्शनी केंद्र के विकास के लिए 120-170 मिलियन यूरो के निवेश की संभावना पर भी सहमति बनी है।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एफसी बार्सिलोना क्लब की उपाध्यक्ष एलेना फोर्ट से मुलाकात कर खेल विकास और फुटबॉल कोचों के प्रशिक्षण के लिए संभावित समझौते (MoU/LoI) पर चर्चा की। उन्होंने डी गावा संग्रहालय का दौरा कर झारखंड के चाईबासा जैसे क्षेत्रों में जियोलॉजिकल म्यूजियम की संभावनाओं का भी अध्ययन किया।
स्वीडन के गोथेनबर्ग में वोल्वो ट्रक संयंत्र के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने वोल्वो को झारखंड में एक मेगा विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। यह प्रस्ताव खनन कार्यों में भारी वाहनों की मांग को ध्यान में रखते हुए रखा गया है।
अरवा राजकमल ने बताया कि यह दौरा राज्य की वैश्विक दृश्यता (visibility) बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निवेश आकर्षित करने के लिए केवल नीतियाँ पर्याप्त नहीं होतीं, बल्कि कंपनियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद और जुड़ाव भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि करीब नौ वर्षों के अंतराल के बाद झारखंड से कोई आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल विदेश गया है, जिससे राज्य की अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। उन्होंने इस यात्रा को झारखंड की ब्रांड वैल्यू में वृद्धि की दिशा में एक सार्थक पहल बताया। प्रेस वार्ता में उद्योग निदेशक सुशांत गौरव, खनन निदेशक राहुल कुमार सिंहा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








