KhabarMantra: मधुबन थाना क्षेत्र के सेनीडीह-टुंडो मार्ग पर सुरेंद्र मार्केट के पास संचालित दो अवैध भूमिगत खदानों को गोबिंदपुर क्षेत्र की प्रबंधकीय टीम ने सोमवार को भरवा दिया। इस कार्रवाई में मधुबन थाना पुलिस और सीआईएसएफ की टीम भी मौजूद रही।
हालांकि, कार्रवाई के दौरान वहां न तो कोई धंधेबाज मिला और न ही कोयले का बड़ा भंडार बरामद हुआ। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी की सूचना पहले ही लीक हो जाने के कारण दो दिन पूर्व ही कोयले के कारोबार से जुड़े लोगों ने वहां से सारा सामान समेट लिया था।
पड़ोसी निवासियों के मुताबिक, यहां नया सिंडिकेट सक्रिय होने की तैयारी कर रहा है। हाल ही में कुछ संदिग्ध लोग खदान का मुआयना करते देखे गए हैं। उल्लेखनीय है कि खबर मंत्र ने इस अवैध खनन स्थल और इससे जुड़ी जनसुरक्षा की चिंताओं पर पहले भी लगातार रिपोर्ट प्रकाशित की थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इन खदानों से दिन-रात अवैध खनन कराया जा रहा था और बाहर से मजदूर लाकर काम करवाया जा रहा था। खतरनाक स्थिति यह थी कि एक ओर घनी आबादी है, तो दूसरी ओर एक लबालब भरा हुआ खुला खदान क्षेत्र है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।
लोगों ने सवाल उठाया है कि जब खदानें चालू अवस्था में थीं, तब कार्रवाई क्यों नहीं की गई? हालांकि, अब जब भराई की प्रक्रिया शुरू हुई है, तो उन्होंने इसका स्वागत करते हुए प्रशासन से और सख्त कदम उठाने की मांग की है ताकि इस क्षेत्र में अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लग सके।












