केंद्र सरकार ने आज सुबह 11 बजे एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है. यह बैठक संसद पुस्तकालय भवन, संसद परिसर में समिति कक्ष जी-074 में आयोजित की जा रही है. बैठक का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक दलों को सरकार द्वारा हाल ही में उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी देना है.
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस बैठक की जानकारी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से दी. उन्होंने कहा, “सरकार ने 8 मई, 2025 को सर्वदलीय नेताओं की बैठक बुलाई है, जिसमें सरकार के विभिन्न कदमों पर चर्चा की जाएगी.”
यह बैठक पिछले कुछ समय में देश में घटित हुए महत्वपूर्ण घटनाक्रमों से जुड़ा हुआ है. विशेष रूप से, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भी सरकार ने एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी, जिसमें विपक्षी दलों ने सरकार को हमले के अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए अपना पूरा समर्थन व्यक्त किया था.












