Jharkhand: 10 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर धनबाद में तैयारियां तेज़ हो गई हैं और अब यह अपने अंतिम चरण में है। इसी सिलसिले में गुरुवार को धनबाद के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के चेयरमैन वीरेंद्र कुमार तिवारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की।
बैठक में विशेष रूप से बैंकों, बीमा कंपनियों और अन्य विभागों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। न्यायाधीश तिवारी ने निर्देश दिया कि लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को शीघ्र न्याय मिल सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अवर न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि विशेष रूप से बैंक अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे ऋण संबंधी वादों के निपटारे में सक्रिय भूमिका निभाएं। इसका उद्देश्य यह है कि आमजन को समयबद्ध राहत मिल सके और राष्ट्रीय लोक अदालत की भावना को सफल बनाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के दीवानी, आपराधिक (शमनीय), बैंक ऋण, बिजली, पानी, टेलीफोन बिल, बीमा दावे, मुवावजा आदि से संबंधित मामलों का निपटारा आपसी सहमति के आधार पर किया जाता है।












