जब पाकिस्तान ने बीती रात जम्मू, श्रीनगर, पठानकोट, अमृतसर और चंडीगढ़ समेत भारत के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला करने की नाकाम कोशिश की, तब भारत ने पहली बार अपने सबसे घातक एयर डिफेंस सिस्टम — S-400 ट्रायंफ — का इस्तेमाल किया. नतीजा यह हुआ कि पाकिस्तान की 30 से ज्यादा मिसाइलें और ड्रोन हवा में ही ध्वस्त कर दिए गए. एक भी टारगेट अपने निशाने तक नहीं पहुंच सका. S-400 ने साबित कर दिया कि भारत अब न सिर्फ हर हमले को नाकाम कर सकता है, बल्कि उसका करारा जवाब भी देने में पूरी तरह सक्षम है.

क्या है S-400 की खासियत?
- 400 किलोमीटर तक मारक क्षमता: S-400 किसी भी टारगेट को 40 से लेकर 400 किलोमीटर की दूरी तक ट्रैक और तबाह कर सकता है. चाहे वह फाइटर जेट हो, क्रूज मिसाइल या फिर ड्रोन – कोई भी इसका शिकार बनने से नहीं बच सकता.
- 100 फीट से 40,000 फीट तक एक्यूरेट स्ट्राइक: इसकी यह विशेषता इसे वर्टिकल कवरेज में भी सबसे आगे रखती है. ऊंचाई या निचाई पर उड़ते किसी भी लक्ष्य को यह बिना चूके गिरा सकता है.
- एक साथ 72 मिसाइलों की फायरिंग कैपेसिटी: यह सिस्टम एक साथ 72 मिसाइलें लॉन्च कर सकता है, यानी एक पूरे स्क्वॉड्रन को पलभर में नष्ट करने की क्षमता रखता है.
- अदृश्य रडार सिस्टम: इसका मल्टी-फंक्शन रडार सिस्टम किसी भी टारगेट को छुपने का मौका नहीं देता. यहां तक कि स्टील्थ टेक्नोलॉजी वाले एडवांस फाइटर जेट्स भी इसकी पकड़ से बच नहीं सकते.
- हर मौसम में काम करने की ताकत: चाहे तापमान -50 डिग्री हो या -70 डिग्री सेल्सियस, S-400 हर स्थिति में ऑपरेशन के लिए तैयार रहता है. इसकी लोकेशन भी आसानी से बदली जा सकती है और इसे ट्रैक करना बेहद मुश्किल है.
- मल्टी लेयर प्रोटेक्शन: यह सिस्टम एक साथ कई लेयर में सुरक्षा देता है – यानी एक ही समय में यह कम दूरी, मीडियम रेंज और लंबी दूरी के टारगेट को डिटेक्ट कर उन्हें खत्म कर सकता है.

क्यों S-400 बना भारत की ‘डिजिटल ढाल’?
भारत ने रूस से इस सिस्टम की 5 यूनिट के लिए करीब 5 अरब डॉलर की डील की है. यह निवेश केवल एक मिसाइल सिस्टम में नहीं, बल्कि देश की संप्रभुता और सामरिक शक्ति को अक्षुण्ण रखने के लिए किया गया था. पाकिस्तान और चीन जैसे देशों की हर चाल को S-400 अब हवा में ही खत्म कर देगा.

S-400 न केवल एक मिसाइल डिफेंस सिस्टम है, बल्कि यह भारत के लिए एक ऐसा रणनीतिक कवच है, जो आने वाले दशकों में युद्ध के समीकरण ही बदल देगा.













