मैथनः एग्यारकुंड प्रखंड के पंचमोहली पंचायत के बरडंगाल रविदास टोला में 15वें वित्त से नाला निर्माण का कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया है। शुक्रवार सुबह उप मुखिया सनोज रविदास एवं रंजीत दास के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नाला निर्माण का काम रूकवा दिया। निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया। कहा करीब पांच लाख की लागत से जीतू बाउरी के घर से टूना हांडी के घर तक नाला निर्माण होना है। टोला के एक युवक की देखरेख में जैसे तैसे काम हो रहा है। पीसीसी रोड से उपर नाला बनाया जा रहा है। जिससे रोड संकीर्ण हो जायेगा। गुणवत्ता पूर्ण काम नहीं हो रहा है। स्टीमेट भी नहीं दिखाया जा रहा है। विरोध के बाद काम बंद कर दिया गया। लेकिन रात में अज्ञात लोगों ने नाला का कुछ भाग तोड़ दिया। साथ ही छह सात घर का कनेक्शन पाइप काट दिया गया। जिससे ग्रामीण दो गुट में बंट गये। पाइप काटने का आरोप उप मुखिया और रंजीत दास पर लगा दिया गया। कहा कि दोनों के इशारे पर यह काम हुआ। मामला कुमारधुबी ओपी पहुंचा। साथ ही लिखित शिकायत देकर दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग होने लगी। मुखिया पारूल पाण्डे ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। मुखिया मुखिया पारूल पाण्डे ने कहा कि ग्रामीणों की नाला निर्माण को लेकर कोई शिकायत नहीं है। कुछ लोग विकास कार्यों में बेवजह बाधा डाल रहे हैं। किसी को कोई शिकायत थी तो उन्हें जानकारी देनी चाहिये थी। घर पाइप लाइन काटना और नाला तोड़ना गलत बात है। निर्माण में कोई अनियमितता नहीं है।
विवादों में रहा है यह नाला निर्माण-
जीतू बाउरी के घर से टूना हांड़ी के घर तक नाला निर्माण विवादों में रहा है। पहली बार नाला का निर्माण आधा अधूरा हुआ और अनियमितता के कारण पहली बारिश में बह गया। दूसरी बार नाला निर्माण हुआ ही नहीं और राशि निकाल ली गयी। टोला के डब्लू दास ने आरटीआई के तहत मुखिया पर सवाल उठाया था। मामले की उच्च स्तरीय जांच भी हुई। जेई से लेकर मुखिया तक की गर्दन फंसने की नौबत आ गयी। लेकिन कार्रवाई के बजाय मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। अब तीसरी बार नाला बन रहा है। बताया जाता है कि फिर से किसी अन्य जगह की योजना इस नाला निर्माण में समाहित किया जा रहा है। ग्राम सभा भी नहीं होने की बात कही जा रही है। नाला निर्माण किये बिना पूरी राशि निकाल लेने की सजा के तौर पर मुखिया द्वारा निजी मद से निर्माण की भी चर्चा हो रही है।












