पंजाब के अमृतसर जिले के थारयेवाल, मरडी और भंगाली गांवों में जहरीली शराब पीने से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कम से कम 6 अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि मृतकों में अधिकांश मजदूर शामिल हैं, जिनकी नकली शराब पीने से मौत हो गई.
इस घटना के बाद पंजाब सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए नकली शराब सप्लाई करने के मास्टरमाइंड प्रभजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. अमृतसर रूरल के एसएसपी ने जानकारी दी कि आरोपी के खिलाफ धारा 105 बीएनएस और 61ए एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने इस मामले में प्रभजीत सिंह के भाई कुलबीर सिंह उर्फ जग्गू, साहिब सिंह उर्फ सराय, गुर्जत सिंह और निंदर कौर को भी गिरफ्तार किया है. प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और मामले की जांच जारी है.













