महुदा: सिंगड़ा पंचायत के ग्रामीणों ने जल संकट की गंभीरता को देखते हुए सांसद ढुलु महतो को संयुक्त हस्ताक्षर युक्त आवेदन सौंपा. ग्रामीणों ने महुदा रेलवे पाइपलाइन से मिलने वाले पानी को यथावत चालू रखने की मांग की है.
आवेदन में बताया गया कि महुदा रेलवे कॉलोनी में बारकी स्थित दामोदर नदी से जलापूर्ति की जा रही है. इसी पाइपलाइन से सिंगड़ा पंचायत के कुछ क्षेत्रों में सार्वजनिक जलापूर्ति की जाती थी, जिससे ग्रामीण अपनी प्यास बुझाते थे. लेकिन वर्तमान में रेलवे द्वारा इस पाइपलाइन का डायवर्सन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के बीच भारी जल संकट उत्पन्न होने की आशंका है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि पाइपलाइन डायवर्ट कर दी गई, तो पूरे पंचायत में जल संकट गहरा जाएगा और स्थिति भयावह हो जाएगी. उन्होंने सांसद से इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की.
इस संदर्भ में सांसद ढुलु महतो ने आद्रा डीआरएम को पत्र लिखकर सिंगड़ा स्थित जलापूर्ति पाइपलाइन को यथावत बनाए रखने की मांग की है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा.












