मध्य प्रदेश में कैबिनेट मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर बवाल बढ़ता जा रहा है. अब इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए DGP को निर्देश दिया है कि विजय शाह के खिलाफ चार घंटे के भीतर FIR दर्ज की जाए.
हाईकोर्ट की जस्टिस अतुल श्रीधरन की डिवीजन बेंच ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कहा कि यह मामला गंभीर है और हर हाल में इसमें प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए. कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर अगली सुनवाई कल सुबह सबसे पहले की जाएगी.
देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग
मंत्री विजय शाह के बयान के बाद सियासी हलचल भी तेज हो गई है. बुधवार, 14 मई को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल श्यामला हिल्स थाने पहुंचा और देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की. कांग्रेस ने ऐलान किया है कि वे 15 मई को प्रदेश के हर थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराएंगे.
“विजय शाह को एक मिनट भी पद पर रहने का हक नहीं” — कांग्रेस
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतू पटवारी ने कहा, “मंत्री विजय शाह ने सेना का अपमान किया है. ऐसे व्यक्ति को एक मिनट भी मंत्री पद पर रहने का अधिकार नहीं है. उनका बयान न सिर्फ महिला सैनिकों का, बल्कि पूरे देश का अपमान है.”
कांग्रेस ने इस विषय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी पत्र लिखा है, जिसमें मंत्री के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है.













