अगर आपके पास 20 रुपये के नोट हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ऐलान किया है कि वह 20 रुपये के नए नोट जारी करने जा रहा है. ये नोट महात्मा गांधी (नई) सीरीज के तहत होंगे और इनमें नए गवर्नर संजय मल्होत्रा के हस्ताक्षर होंगे. हालांकि, पुराने नोट भी पूरी तरह वैध बने रहेंगे और उन्हें बदलने की जरूरत नहीं होगी.
क्या बदल रहा है 20 रुपये के नोट में?
नए नोटों का रंग ‘ग्रीनिश येलो’ ही रहेगा और पीछे की ओर एलोरा की गुफाओं की तस्वीर होगी, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है. नोट का आकार 63 मिमी x 129 मिमी होगा.
सुरक्षा विशेषताएं रहेंगी बरकरार:
- जल चिह्न (वॉटरमार्क)
- माइक्रो लेटरिंग (micro lettering)
- सुरक्षा थ्रेड
- और अन्य मौजूदा सुरक्षा फीचर्स
पुराने नोटों का क्या होगा?
RBI ने यह स्पष्ट किया है कि पहले जारी किए गए 20 रुपये के नोट भी पूरी तरह वैध और चलन में बने रहेंगे. पुराने नोटों को बदलने की कोई आवश्यकता नहीं है. यह केवल एक प्रशासनिक कदम है, जिसमें नए गवर्नर के हस्ताक्षर को अपडेट किया जा रहा है.
आम जनता के लिए क्या जरूरी?
लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. यह बदलाव 2016 की नोटबंदी जैसी कोई स्थिति नहीं है. पुराने 20 रुपये के नोटों का उपयोग पहले की तरह ही लेन-देन में किया जा सकता है. नए नोट केवल मुद्रा प्रणाली को update करने के लिए जारी किए जा रहे हैं.













