Koderma: कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के पुरनाडीह पंचायत अंतर्गत गुडूडीह (रायडीह) में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान करीब प्रमिला देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात प्रमिला देवी की अपने पति से फोन पर बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।
बातचीत के बाद अचानक बिगड़ी तबियत
कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टी होने लगी। परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली, तो वे आनन-फानन में प्रमिला देवी को सदर अस्पताल कोडरमा लेकर पहुंचे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हजारीबाग रेफर कर दिया।
बिहार में पोकलेन मशीन चलाने का काम करते हैं पति
हजारीबाग में इलाज के दौरान गुरुवार तड़के उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रमिला देवी के एक बेटा और एक बेटी हैं। उनका मायका कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के खरकोटा में है, जबकि उनके पति बिहार में पोकलेन मशीन चलाने का काम करते हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नवलशाही पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








