राजधानी रांची के कांके डैम इलाके में एक मुंडन समारोह के दौरान हैरान कर देने वाली घटना सामने आई. इस कार्यक्रम के बीच अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर रमेश उरांव नामक युवक पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल रमेश को आनन-फानन में रिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, जब परिवार मुंडन कार्यक्रम में व्यस्त था, तभी कुछ अज्ञात हमलावर अचानक घर में घुस गए और रमेश उरांव पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना के बाद से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है. लोगों का कहना है कि यदि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे शव के साथ सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेंगे. घटना की सूचना पर गोंदा और कांके थाना क्षेत्र की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.












