रांची: बकरीद के मौके पर झारखंड की राजधानी रांची में हर साल की तरह इस बार भी पारंपरिक बकरा बाजार सज गया है. उर्दू लाइब्रेरी के पीछे लगे बाजार में दूर-दराज से लोग कुर्बानी के लिए बकरे और खस्सी खरीदने पहुंच रहे हैं.
बाजार की रौनक बने बकरे
इस खास बाजार में बकरों के नाम भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं. लड्डू, शेरू, कालू, कारण अर्जुन जैसे नामों वाले बकरे बाजार की रौनक बने हुए हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा लड्डू की हो रही है, जिसका वजन करीब 95 किलो बताया जा रहा है और कीमत 70 हजार रुपये रखी गई है. लड्डू पूरे बाजार का मुख्य आकर्षण बना हुआ है.
झारखंड के अलग अलग जिलों से आए व्यापारी
बकरा बाजार में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए व्यापारी अपने खास नस्ल के बकरे और खस्सी लेकर पहुंचे हैं. यहां बकरों की कीमतें 10 हजार रुपये से शुरू होकर 70 हजार रुपये तक जा रही हैं. व्यापारियों का कहना है कि बाजार की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन जैसे-जैसे बकरीद करीब आ रही है, ग्राहकों की भीड़ भी बढ़ती जा रही है. उन्हें उम्मीद है कि आज रात तक अधिकतर बकरे बिक जाएंगे.












