KhabarMantra: प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की. उन्होंने आरोप लगाया कि इन 11 वर्षों में भाजपा ने संविधान के प्रत्येक पन्ने पर तानाशाही की स्याही पोती है और अब वे इसे अपनी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं.
जवाबदेही और बदलाव का अभाव
कमलेश ने कहा कि इन वर्षों में सरकार की कोई जवाबदेही नहीं रही, कोई ठोस बदलाव नहीं आया. प्रधानमंत्री केवल अपने प्रचार में जुटे रहे और देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिशें जारी रहीं. एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या लगभग दोगुनी हो चुकी है.
Read more: अब नहीं बचेंगे नशे के सौदागर! झारखंड सरकार का सबसे बड़ा अभियान शुरू
विदेश नीति और आंतरिक सुरक्षा पर सवाल
उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया—क्या देश की जमीन पर विदेशी अतिक्रमण, अमेरिका के सामने झुकना, बढ़ते विदेशी ऋण का बोझ, असफल विदेश नीति के कारण भारत का वैश्विक स्तर पर अलग-थलग पड़ना और मणिपुर में वर्षों से जारी अराजकता, यही सरकार की उपलब्धियां हैं?
सेना और भ्रष्टाचार पर आरोप
कमलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सेना के पराक्रम का राजनीतिक फायदा उठाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने, राष्ट्रीय संपत्तियों को पूंजीपतियों के हाथों सौंपने और फिर अपनी पीठ थपथपाने का भाजपा का रवैया देश के हितों के विपरीत है. उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों को रोजगार और श्रमिक अधिकारों के लिए प्रतिकूल बताया। उन्होंने कहा कि इन 11 वर्षों में देश आर्थिक संकट से जूझता रहा और आम जनमानस के लिए कठिनाइयाँ बढ़ती चली गईं.












