National News: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज सर गंगा राम अस्पताल, नई दिल्ली पहुंचकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन का कुशल क्षेम जाना. बता दें शिबू सोरेन इन दिनों स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है.
हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन से ली स्वास्थ्य की जानकारी
इस दौरान राष्ट्रपति ने झारखंड के मुख्यमंत्री और शिबू सोरेन के सुपुत्र हेमन्त सोरेन से उनके स्वास्थ्य की स्थिति और इलाज की प्रगति के बारे में जानकारी ली. साथ ही उन्होंने सोरेन की पुत्रवधू और विधायक कल्पना सोरेन से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
राष्ट्रपति मुर्मू ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
राष्ट्रपति मुर्मू ने शिबू सोरेन के शीघ्र और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की कामना की और उनके परिवार को ढांढस बंधाया. उन्होंने चिकित्सकों से भी बातचीत कर इलाज की प्रक्रिया को जाना और बेहतर देखभाल के निर्देश दिए.
शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर पूरे झारखंड में चिंता
गौरतलब है कि शिबू सोरेन झारखंड के कद्दावर आदिवासी नेता रहे हैं और झारखंड आंदोलन से लेकर राज्य की राजनीति में उनकी अहम भूमिका रही है. उनके स्वास्थ्य को लेकर राज्यभर में लोग चिंतित हैं और दुआएं कर रहे हैं.







