रांची। झारखंड BJP के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल के हालिया बयानों को लेकर कांग्रेस ने पलटवार किया है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने पटेल पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड की जनता को उपदेश देने से पहले भाजपा को अपने 11 साल के शासन का हिसाब देना चाहिए।
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास जनता को बताने के लिए अपना काम नहीं है, इसलिए कांग्रेस और झारखंड सरकार पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा से रोजगार, महंगाई, झारखंड के हित और आदिवासी अधिकारों को लेकर अपना रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की।
रोजगार के मुद्दे पर भाजपा से मांगा जवाब
कांग्रेस नेता ने कहा कि झारखंड का युवा राजनीतिक भाषण नहीं, बल्कि रोजगार और निष्पक्ष भर्ती चाहता है। उन्होंने भाजपा से केंद्र सरकार के रोजगार संबंधी वादों और अपने शासनकाल के रोजगार के आंकड़े सार्वजनिक करने को कहा।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रमाण मांगे
राकेश सिन्हा ने भाजपा की ओर से लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के पास किसी आरोप के प्रमाण हैं तो उन्हें जनता के सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
आदिवासी समाज को लेकर भी साधा निशाना
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि झारखंड का आदिवासी समाज अपने जल, जंगल, जमीन, संविधान और अधिकारों को लेकर जागरूक है। उन्होंने भाजपा से आदिवासी अधिकारों के सवाल पर अपना रिकॉर्ड स्पष्ट करने की मांग की।
घुसपैठ और SIR पर कांग्रेस का सवाल
घुसपैठ के मुद्दे पर राकेश सिन्हा ने भाजपा से प्रमाण, आंकड़े और आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक करने को कहा। उन्होंने कहा कि झारखंड में डर और अफवाह की राजनीति के बजाय तथ्यों और समाधान पर बात होनी चाहिए।
मतदाता सूची से जुड़ी SIR प्रक्रिया को लेकर उन्होंने पारदर्शिता की जरूरत बताई। साथ ही कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए।
कानून-व्यवस्था और खनिज संपदा पर भी घेरा
राकेश सिन्हा ने कहा कि अपराध और महिला सुरक्षा गंभीर मुद्दे हैं और सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने भाजपा से अपने शासन वाले राज्यों के कानून-व्यवस्था के आंकड़े भी जनता के सामने रखने को कहा।
खनिज संपदा के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा से झारखंड के संसाधनों और राजस्व पर राज्य के अधिकार को लेकर स्पष्ट रुख बताने की मांग की।
‘पहले रिपोर्ट कार्ड लेकर आएं’
राकेश सिन्हा ने कहा कि गजेंद्र सिंह पटेल को अगली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस की आलोचना की सूची के बजाय भाजपा का रिपोर्ट कार्ड लेकर आना चाहिए। उन्होंने रोजगार, महंगाई, झारखंड के अधिकार, आदिवासी हित, केंद्र की योजनाओं और भाजपा के 11 साल के शासन का हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि झारखंड की जनता अब केवल राजनीतिक भाषण नहीं सुनेगी, बल्कि सवाल भी पूछेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनसरोकार के मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय करने के साथ भाजपा से उसके दावों का हिसाब भी मांगती रहेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis










