JammuKashmir: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ के बिहाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह सेना और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी को मार गिराया है, जबकि तीन अन्य आतंकियों की तलाश अब भी जारी है। यह अभियान ऐसे समय में चलाया जा रहा है जब कुछ ही दिनों में अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है और आतंकी इसका लाभ उठाकर बड़ी साजिश रचने की फिराक में थे।
पिछले एक साल से थी तलाश
जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) भीम सेन टूटी ने बताया कि सुरक्षाबलों को गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे आतंकियों की लोकेशन की सटीक जानकारी मिली थी। इसके बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने करूर नाला क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। तभी आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ तेज हो गई। चारों आतंकी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं और इनकी तलाश पिछले एक साल से की जा रही थी।
अमरनाथ यात्रा को था निशाना
अधिकारियों का मानना है कि ये आतंकी आगामी अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाने की योजना में थे। सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही इनपुट दिया था कि यात्रा से पहले आतंकी घाटी में अशांति फैलाने की कोशिश कर सकते हैं। ऑपरेशन “बिहाली” के तहत चलाया गया यह तलाशी अभियान ऐसे ही एक प्रयास को विफल करने की दिशा में बड़ा कदम है।
मौसम बना चुनौती, लेकिन ऑपरेशन जारी
भीषण कोहरे और खराब मौसम के बावजूद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर व्यापक तलाशी अभियान जारी रखा है। IGP टूटी के अनुसार, जैसे ही मौसम साफ होगा, सर्च ऑपरेशन और तेज किया जाएगा। फिलहाल, इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है ताकि बचे हुए आतंकियों को भागने का मौका न मिले।
सांबा में भी सर्च ऑपरेशन
उधर, बुधवार देर रात सांबा जिले के पुरमंडल इलाके में भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि वहां से कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला और अभियान शांतिपूर्वक समाप्त कर दिया गया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis












