Jamshedpur : जोड़ाफाटक रोड स्थित पाटलिपुत्र अस्पताल में एक बच्चे की मौत के मामले की जांच अब एसएनएमएमसीएच के प्रबंधन को सौंपी गई है। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने इस संबंध में पत्र जारी करते हुए एसएनएमएमसीएच के सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. सुनील कुमार को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
गुरुवार को पीड़ित परिवार अस्पताल पहुंचा था, लेकिन तकनीकी कारणों से पूछताछ की प्रक्रिया नहीं हो सकी। अब उन्हें शुक्रवार को बुलाया गया है ताकि वे अपना पक्ष रख सकें।
परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया
मृतक के पिता संजय वर्मा ने अपनी शिकायत मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव से की है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे आदित्य कुमार वर्मा को 29 जून 2024 को पेट दर्द की शिकायत पर पाटलिपुत्र अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद अगले दिन उसे डिस्चार्ज कर दिया गया और डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के पेट में इंफेक्शन है।
कुछ दिन बाद जब फिर से पेट दर्द बढ़ा, तो 5 जुलाई को दोबारा भर्ती कराया गया। डॉक्टर राकेश कुमार ने सीटी स्कैन कराया और बताया कि रिपोर्ट दो दिन बाद आएगी। 8 जुलाई को रिपोर्ट आने के बाद बच्चे को रेफर कर दिया गया। परिजन उसे एसएसकेएम हॉस्पिटल, कोलकाता ले गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे का अपेंडिक्स दो दिन पहले ही फट चुका है। इलाज के दौरान 9 जुलाई 2024 को बच्चे की मौत हो गई।
परिवार का आरोप है कि यदि समय पर सही निदान और इलाज किया गया होता, तो उनके बेटे की जान बचाई जा सकती थी। अब पूरे मामले की जांच एसएनएमएमसीएच कर रहा है।












