धनबाद/गोविंदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर इलाके में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब घर के मालिक अपने परिवार के साथ तारापीठ दर्शन के लिए बाहर गए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी सुद्धिव्य चंद्र कुमार 14 अप्रैल को परिवार सहित धार्मिक यात्रा पर तारापीठ गए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर को अपना निशाना बनाया और पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया।
घर में घुसने से पहले काटी गई बाउंड्री वायर
चोरों ने पहले घर की बाउंड्री वॉल पर लगे कांटेदार तार को काटा, जिसके बाद मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद पूरे घर को खंगाला गया और अलमारियों, दीवान और अन्य सामानों के ताले तोड़ दिए गए।
चोरों ने घर में रखे नकदी और जेवरात की तलाश में बच्चों के खिलौनों तक को भी नहीं छोड़ा, जिससे साफ है कि वारदात को पूरी तैयारी के साथ अंजाम दिया गया।
5–6 लाख नकद और जेवर चोरी होने का अनुमान
परिवार के मुताबिक, घर से लगभग 5 से 6 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवर चोरी हो गए हैं। कुल मिलाकर चोरी की संपत्ति की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
सुबह लौटने पर खुला मामला
गुरुवार तड़के करीब 4 बजे जब परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच शुरू, इलाके में दहशत
सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








