रांची : राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित नमो दही हांडी प्रतियोगिता के दौरान एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। दरअसल दही हांडी प्रतियोगिता के बीच हजारों लोगों की भीड़ प्रतियोगिता का आनंद ले रही थी, इसी बीच एक शख्स बुर्का पहनकर महिलाओं के बीच घूम रहा था। जब वहां मौजूद एक महिला को इसकी भनक लगी तो उसने तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस नें बुर्का पहने युवक को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुर्का पहने शख्स को पकड़ लिया। जैसे ही पुलिस ने बुर्का हटाया, तो अंदर से एक युवक निकला। पुलिस ने बिना देर किए उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। इस दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो भी बनाया, जिसमें कुछ युवक यह कहते नजर आए कि “कौम को बदनाम करने की कोशिश करते हो।”
read more: BSSC CGL 2025: बिहार कर्मचारी चयन आयोग ने 1481 पदों पर भर्ती निकाली, ऐसे करें आवेदन
गुमला जिले का रहने वाला है आरोपी
वहीं थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम प्रमोद सोनी, निवासी गुमला, बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी पर शक करता है कि वह किसी और से बात करती है। इसी की जांच करने के लिए उसने बुर्का पहनकर कार्यक्रम में प्रवेश किया था। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं घटना के बाद कई लोग आवेदन लेकर थाने पहुंचे और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।













