Giridih: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड क्षेत्र में शनिवार शाम पांच बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कई परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया। अलग-अलग गांवों में हुई अगलगी की घटनाओं में कई घर जलकर राख हो गए, जबकि हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति नष्ट हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहली घटना बिरनी प्रखंड के बलगो गांव की है, जहां बलगो निवासी नारायण राम के घर में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीण काफी प्रयास के बाद भी उस पर काबू नहीं पा सके। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के घंटों बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक घर में रखा सामान जलकर राख हो चुका था। घटना में हजारों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात कही जा रही है।
शॉर्ट सर्किट से तीन घरों में आग लगी
वहीं दूसरी घटना बलिया पंचायत के कुम्हारपीटनी गांव में हुई, जहां शॉर्ट सर्किट से तीन घरों में आग लग गई। आग लगने से सहदेव यादव, प्रभु यादव और गिरधारी यादव के खपरैल मकान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। आग की लपटें उठते देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य घरों को बचा लिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने से घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन सहित अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। लगातार हो रही अगलगी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








