Dhanbad: झरिया-केन्दुआ मार्ग स्थित कतरास मोड़ आईएसएल स्कूल के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान बलियापुर हड़बड़ निवासी सुनिता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद चालक हाइवा संख्या जेएच 01 सीएस 8123 को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।
दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही बोर्रागढ़ एवं झरिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों के विरोध के कारण समाचार लिखे जाने तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुनिता देवी अपने पति शांति महतो एवं पुत्र संतोष महतो के साथ बाइक पर सवार होकर बलियापुर हड़बड़ से महुदा स्थित रिश्तेदार के यहां आयोजित बहुभात समारोह में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान कतरास मोड़ आईएसएल स्कूल के पास पीछे से तेज गति से आ रहे हाइवा ने बाइक को धक्का मार दिया। टक्कर लगते ही सुनिता देवी बाइक से गिर गईं और हाइवा ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्पीड ब्रेकर हटाना बना हादसे की वजह
विश्व हिन्दू परिषद के वरीय नेता लालू झा ने कहा कि इस मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए पूर्व में कई स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए थे, जिससे हाइवा वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण हुआ था। लेकिन कुछ दिन पहले ही स्पीड ब्रेकर काटकर हटा दिया गया, जिसका परिणाम आज की हृदय विदारक घटना के रूप में सामने आया है।
लोगों ने उठाई स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने प्रशासन से दोबारा स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की। लोगों का कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र से कोयला ढुलाई में लगे हाइवा वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। यदि जल्द ही स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया गया तो मौतों का सिलसिला जारी रहेगा।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








