Ranchi: रांची के रिंग रोड स्थित मनातू इलाके में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद आनन-फानन में सभी लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दो लोगों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है।
औरंगाबाद से शादी में शामिल होने रांची आ रहे थे
मिली जानकारी के अनुसार कार में सवार होकर एक ही परिवार के कई सदस्य औरंगाबाद से एक परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए रांची आ रहा था। इसी दौरान तितला ब्रिज के पास सामने से आ रहे एक बोरिंग ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बीच सड़क पर ही पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में वाहन सवार सभी लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दो लोगों की स्थिति गंभीर
स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और गलत दिशा से आना हादसे की मुख्य वजह हो सकती है।







