झुमरीतिलैया: शहर के गांधी स्कूल रोड पर वर्षों से झुका हुआ बिजली का खंभा स्थानीय लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। खंभे की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि उसके नीचे से गुजरना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण खंभे से अर्थिंग की चिंगारियां भी निकल रही हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है। इसके बावजूद बिजली विभाग आंख मूंदे बैठा है।
दहशत में है स्थानीय लोग
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस खंभे की शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। लोग दहशत में हैं और अपने बच्चों को उस रास्ते से जाने से रोकते हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बिजली विभाग के कई अधिकारी इसी रास्ते से प्रतिदिन गुजरते हैं, फिर भी खंभे की हालत को नजरअंदाज किया जा रहा है।
पूर्व वार्ड पार्षद ने विभाग की लापरवाही पर जताई नाराजगी
पूर्व वार्ड पार्षद विजय शुक्ला ने विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली बेहद निराशाजनक है। उन्होंने कहा, अधिकारी इसी मार्ग से रोजाना गुजरते हैं, लेकिन झुके हुए खंभे को देखकर भी कोई संज्ञान नहीं लिया जाता। किसी उपभोक्ता के घर की बिजली खराब हो जाए तो ठीक कराने में दो-दो दिन लग जाते हैं। बार-बार फोन करने पर ही कर्मचारी आते हैं। जनता की बुनियादी समस्याएं विभाग की प्राथमिकता में ही नहीं हैं। उन्हें तो सिर्फ स्मार्ट मीटर लगाने की जल्दी है।
read more: IND vs PAK: एशिया कप में आज भारतीय टीम मैदान में काली पट्टी बांधकर उतरेगी
राजद महिला अध्यक्ष ने बिजली विभाग पर लगाया आरोप
इसी मुद्दे पर राजद महिला मोर्चा की अध्यक्ष अमरजीत कौर ने भी बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, बिजली विभाग उपभोक्ताओं का शोषण करने में जुटा है। कभी मीटर लगाने के नाम पर अतिरिक्त पैसा वसूला जाता है, तो कभी ओवर रीडिंग के नाम पर मनमानी बिल थमा दिए जाते हैं। गांधी स्कूल रोड और उसके आस-पास के मोहल्लों में वोल्टेज की समस्या आम हो चुकी है। कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन जवाब में केवल आश्वासन ही मिलता है।नहीं बदला गया तो होगा बड़ा हादसा
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस खंभे को नहीं बदला गया, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तुरंत संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके।











